सिरसा | हरियाणा में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फिर पैरोल पर रिहा किया गया है. साध्वियों से यौन शोषण और मर्डर केस में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद बाबा राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली है. आज सुबह 6 बजे बाबा रोहतक की सुनारिया जेल से सिरसा आश्रम के लिए निकला है. दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान डेरा प्रमुख की पैरोल को राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.
पहली बार सिरसा डेरे में रहेगा बाबा
साल 2017 से जेल में बंद सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सजा के बाद बारहवीं बार जेल से बाहर आ रहा है. इससे पहले 11 बार वह उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम में रहा है, लेकिन इस बार बाबा राम रहीम को सिरसा डेरे में रहने की अनुमति दी गई है.
इस मामले में जेल में बंद हैं बाबा
राम रहीम को 25 अगस्त 2017 को 2 साध्वियों के यौन शोषण केस में आरोपी करार दिया गया था. इसी साल 27 अगस्त को उसे गिरफ्तार किया गया था. इस केस में 28 अगस्त 2017 को उसे 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई, जिसके बाद से बाबा राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है. उसे 11 जनवरी 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया और 17 जनवरी 2019 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई.
