सिरसा | हरियाणा के किसानों को नर्सरी और बाग प्रबंधन की आधुनिक जानकारी देने के लिए उद्यान विभाग 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है. साल 2026- 27 के तहत ये कार्यक्रम सिरसा जिले के मांगेआना स्थित फल उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित किए जाएंगे. बता दें कि प्रशिक्षण केवल सिरसा के किसानों तक सीमित नहीं रहेगा. हरियाणा के सभी जिलों के इच्छुक किसान इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. प्रशिक्षण कार्यक्रम अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच अलग- अलग तिथियों में आयोजित किए जाएंगे.
इसका मुख्य फोकस नर्सरी प्रबंधन और बाग प्रबंधन पर रहेगा. इसके जरिए किसानों को बागवानी से जुड़ी जरूरी जानकारी देने के साथ खेती में बेहतर तरीके अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा.
घर बैठे करें आवेदन
प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक किसानों के लिए उद्यान विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा दी है. किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन के लिए किसानों को उद्यान विभाग के कौशल पोर्टल पर जाना होगा. विभाग ने इच्छुक किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन करने को कहा है.
प्रबंधन पर रहेगा फोकस
5 दिन के प्रशिक्षण के दौरान किसानों का मुख्य विषय नर्सरी प्रबंधन और बाग प्रबंधन रहेगा. फलदार पौधों की नर्सरी तैयार करने और बागों के बेहतर रखरखाव से संबंधित जानकारी कार्यक्रम का अहम हिस्सा होगी. मांगेआना स्थित फल उत्कृष्टता केंद्र पर होने वाले प्रशिक्षण में प्रदेश के अलग- अलग जिलों से किसान हिस्सा ले सकेंगे. ऐसे में जो किसान बागवानी कर रहे हैं या इस क्षेत्र में आगे काम करना चाहते हैं, उनके लिए यह प्रशिक्षण उपयोगी हो सकता है.
