खुशखबरी: रूणिचा धाम के लिए सिरसा रोडवेज की सीधी बस सेवा शुरू, फटाफट देखें टाइमिंग

सिरसा | राजस्थान के प्रसिद्ध रुणिचा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज ने राहत भरी पहल की है. श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए सिरसा से रामदेवरा धाम के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू कर दी गई है. यह बस सेवा 11 सितंबर से शुरू हुई है और एक माह तक संचालित की जाएगी. हरियाणा रोडवेज (Haryana Roadways) द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, बस सिरसा से रोजाना शाम 4.30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह करीब 3 बजे रुणिचा धाम पहुंचाएगी.

Haryana Roadways Bus

श्रद्धालु धाम में बाबा रामदेव के दर्शन और धोक लगाने के बाद अगले दिन शाम को इसी बस से वापस सिरसा लौट सकेंगे. इस सेवा के लिए फिलहाल एडवांस बुकिंग की व्यवस्था नहीं की गई है. कोई भी यात्री या श्रद्धालु बस में सफर कर सकता है.

श्रद्धालुओं की मांग

यह बस सिरसा से चौपटा, नोहर, रावतसर, पल्लू, अर्जुनसर, रोयरी, फलौदी, रामदेवरा, बीकानेर और पोकरण होते हुए चलेगी. चौपटा और नोहर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुणिचा धाम जाते हैं. ऐसे में इस स्पेशल बस सेवा का लाभ इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी मिलेगा. इससे पहले पोकरण के लिए रोडवेज की नियमित बस सेवा संचालित हो रही है. रुणिचा धाम के लिए सीधी बस शुरू करने की मांग श्रद्धालु पिछले कई दिनों से कर रहे थे. इस संबंध में श्रद्धालुओं ने रोडवेज प्रशासन से मुलाकात कर विशेष बस चलाने की मांग रखी थी. इसके बाद प्रशासन ने मेले को देखते हुए एक महीने के लिए यह सेवा शुरू करने का निर्णय लिया.

यह भी पढ़े -  सिरसा में आज CM सैनी की जनसुनवाई, शिकायत लेकर पहुंचेंगे लोग; शहर में लागू हुआ प्रतिबंध

जैसलमेर में लगता है बड़ा मेला

राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित बाबा रामदेवरा धाम को रुणिचा धाम के नाम से भी जाना जाता है. यह पोकरण से करीब 12 किलोमीटर दूर जोधपुर-जैसलमेर मार्ग पर स्थित है. भाद्रपद माह यानी अगस्त- सितंबर में यहां विशाल मेला लगता है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. यह स्थान लोक देवता बाबा रामदेवजी की समाधि और मुख्य मंदिर के लिए प्रसिद्ध है. हिन्दू और मुस्लिम दोनों समाज के लोग बाबा रामदेवजी को श्रद्धा से पूजते हैं और उन्हें रामशाह पीर भी कहा जाता है.

रोडवेज डीआई के अनुसार, मेले को ध्यान में रखते हुए स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है. फिलहाल एडवांस बुकिंग नहीं होगी और यात्री सीधे बस से सफर कर सकेंगे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.