चंडीगढ़ | हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी 23 जुलाई को सिरसा दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में 16 नई शिकायतों के साथ पहले से लंबित 3 मामलों सहित कुल 19 शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी. लंबित मामलों को लेकर संबंधित विभागों से जांच रिपोर्ट भी मांगी गई है.

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सभी विभागों के अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, बैठक में सभी विभागों के अधिकारी अपने- अपने मामलों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे.
दिए गए निर्देश
अधिकारियों को शिकायतों से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही समाधान किया जा सके. CM के दौरे को देखते हुए सिरसा शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे. बरनाला रोड सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और कई स्थानों पर नाकेबंदी की जाएगी. कार्यक्रम से पहले प्रशासनिक अधिकारी आयोजन स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी करेंगे. बैठक में सिरसा और डबवाली के पुलिस अधीक्षक, रोडवेज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 23 जुलाई को प्रात: 8.30 बजे चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में 3 लंबित व 16 नई शिकायत सहित 19 शिकायतें सुनी जाएंगी। @DiprHaryana
— DIPRO Sirsa (@DiproSirsa) July 22, 2026
ज्ञापन सौंपने की तैयारी
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन और नागरिक अपनी मांगों व स्थानीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि वे शहर की मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे. पिछली कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा में विकास कार्यों और शहर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी. उस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कई मांगों से जुड़े ज्ञापन सौंपे थे. इस बार भी बैठक में जनसमस्याओं, लंबित मामलों और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है.