सिरसा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी वीरवार को सिरसा दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने डेरा बाबा भूमण शाह संगरसरिस्ता में बलिदानी उधम सिंह के बलिदान दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस अवसर पर डेरे के गद्दीनशीन बाबा ब्रहमदास ने शॉल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया.
राष्ट्रभक्ति का उदाहरण
बलिदानी उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते सीएम नायब सैनी ने कहा कि हिंदुस्तान के लिए आजादी की लड़ाई में उनका बलिदान राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मबलिदान का अप्रतिम उदाहरण है. उन्होंने भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से मुक्ति दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. जंग- ए- आजादी के इतिहास में आज भी उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है. आज का दिन हमें प्रेरणा देता है कि हम भी उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका अदा करें.
शहीदी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी ने कम्बोज समाज को दी ऐतिहासिक सौगात:
‘बाड़ा सुलेमान’ होगा अब ‘उधमपुरा’, पंचकूला में कम्बोज सभा को मिलेगा प्लॉट।@NayabSainiBJP pic.twitter.com/Ij8wWWDsh3
— Haryana BJP (@BJP4Haryana) August 1, 2025
कंबोज समाज के लिए बड़ी घोषणा
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कंबोज सभा को पंचकूला में प्लॉट देने की घोषणा की. साथ ही, फतेहाबाद, कैथल और जगाधरी में प्लॉट लेने के लिए सभा के आवेदन उपरांत उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रदान करने की बात कही.
हिसार जिले के गांव का बदला नाम
सीएम ने हिसार जिले के गांव बाड़ा सुलेमान का नाम बदलकर उधमपुरा करने की घोषणा की. बाबा भूमण शाह मुख्य धाम की भूमि पर उनके नाम से राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण करवाने, घग्गर नदी से रंगोई नाला निकालकर गांव रामपुरा ढाणी से गुजरता हुआ बनाया जाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने इसकी फिजिबिलिटी चेक करवा कर पूरा करवाने की घोषणा की.
