सिरसा | साध्वियों से यौन शोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर हरियाणा सरकार ने फिर अपनी मेहरबानी दिखाई हैं. बाबा राम रहीम फिर से 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया है. जेल से पैरोल पर निकलने के बाद पुलिस सुरक्षा में सुबह तड़के सिरसा डेरे के लिए रवाना हुआ. राम रहीम 14 वीं बार जेल से बाहर आया है. इससे पहले 9 अप्रैल को 21 दिन की फरलो पर वह जेल से बाहर आया था.
सिरसा आश्रम में रहेगा बाबा
गुरमीत राम रहीम साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा भुगत रहा है. गुरमीत राम रहीम 5 अगस्त को पैरोल पर जेल से बाहर आया है. अब वो 14 सितंबर को जेल की बैरक में वापस लौटेगा. जमानत शर्तों के अनुसार, वह अपने सिरसा स्थित आश्रम में रहेगा.
किस मामले में काट रहा सजा
डेरा प्रमुख अगस्त 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है. 25 अगस्त, 2017 को पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने राम रहीम को साध्वियों (महिला शिष्यों) से बलात्कार के आरोप में दोषी ठहराया था. इस मामले में बाबा राम रहीम को 20- 20 साल के कारावास की 2 सजाएं सुनाईं गई थी. वो वर्तमान में बलात्कार और एक पत्रकार की हत्या के मामले में सजा काट रहा है.
