सिरसा | पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दी है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब के ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं और लगातार जनसभाओं के माध्यम से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं.

सिरसा से चलेगी ट्रेन
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नायब सैनी 15 मई को सिरसा दौरे पर आ रहे हैं. यहां मुख्यमंत्री सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थल श्री हजूर साहिब नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए 15 मई को स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. सिरसा जिला पंजाब की सीमा से सटा हुआ है और यहां बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग रहते हैं. पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सिख समुदाय के वोटरों को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ की निःशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की गई है. इसके लिए वरिष्ठ नागरिकों को 10 मई तक सरल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा.
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना का लाभ 60 साल से ज्यादा आयु वर्ग के उन बुजुर्गो को मिलेगा जिनकी सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपए से कम हैं. योजना का लाभ उठाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को CSC सेंटर पर जाकर 10 मई तक सरल हरियाणा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा.
आवेदन करने के लिए कुछ दस्तावेजों की जरूरत होगी जिनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य सरकारी आईडी, परिवार पहचान पत्र, शारिरिक रुप से यात्रा के लिए फिट होने की स्वयं घोषणा तथा पिछले 3 सालों में इस योजना का लाभ न लेने की घोषणा शामिल हैं. आवेदनकर्ता हरियाणा का निवासी होना चाहिए.
यहां पर दें पंजीकरण की सूचना
वरिष्ठ नागरिक अपने खर्चे पर एक सहायक को साथ ले जा सकेंगे. इस योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा. आवेदक को वाणिज्य भवन की चौथी मंजिल पर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय सिरसा में 11 मई तक रजिस्ट्रेशन की सूचना देनी होगी.