हरियाणा के सिरसा जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात, CM ने किया भूमि- पूजन

सिरसा | हरियाणा के सीएम नायब सैनी (CM Nayab Singh Saini) आज सिरसा पहुंचें, जहां उन्होंने बाबा सरसाई नाथ मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की. उन्होंने जिले के लोगों को मेडिकल कॉलेज और कैंसर ट्रीटमेंट सेंटर की सौगात दी. सीएम ने कहा कि मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इसके भूमि-पूजन करने का अवसर मिला. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे.

Nayab Singh Saini

मेडिकल कॉलेज और कैंसर सेंटर का ऐलान

मेडिकल कॉलेज का निर्माण 21 एकड़ 13 मरला भूमि पर होगा, जिसमें 100 मेडिकल सीटें होंगी. इस परियोजना पर करीब 1200  करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि एचएयू से सटी 5.5 एकड़ भूमि पर कैंसर ट्रीटमेंट सेंटर भी बनाया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सिरसा में ही मिल सकें.

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर

सीएम नायब सैनी ने बताया कि हरियाणा में अब तक 15 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं और पांच और कॉलेज निर्माणाधीन हैं. हमारी सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज हो और हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले. उन्होंने आयुष्मान और चिरायु कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का भी उल्लेख किया.

स्वास्थ्य मंत्री का संबोधन

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि 2014 से पहले राज्य में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे जबकि अब यह संख्या बढ़कर 15 हो गई है. मेडिकल सीटों की संख्या भी 700 से बढ़कर 2185 हो गई है और नए कॉलेज खुलने से यह संख्या और बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि सरकार हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है.

मील का पत्थर होगा साबित

हरियाणा सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज सिरसा ही नहीं, बल्कि पंजाब और राजस्थान के मरीजों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा. उन्होंने कहा कि बाबा सरसाई नाथ के नाम पर बना यह मेडिकल कॉलेज लोगों को निरोगी बनाएगा और क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा. यह मेडिकल कॉलेज सिरसा जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.