सिरसा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज सिरसा दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने अनाज मंडी में आयोजित राज्यस्तरीय कबीर जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की मंच पर उपस्थिति रही. सिरसा लोकसभा सीट से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की.
संतों की भूमि सिरसा को सलाम
कबीर जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि सिरसा की धरा संतों की भूमि रही है और ऐसे पावन अवसर पर मैं यहां आकर अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं. अनेक संतों की तरह संत कबीर ने भी समाज में अलख जगाने का काम किया.
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा
कबीर जयंती समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सफाई कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी. उन्होंने इनके वेतन में 2100 रुपए की बढ़ोतरी का ऐलान किया. इसके साथ ही उन्होंने डबवाली और ऐलनाबाद में नशा मुक्ति केंद्र बनाने की घोषणा की. मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं पर पंडाल में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ आभार व्यक्त किया.
सीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सिरसा में बन रहे सरसाई नाथ मेडिकल कॉलेज में 100 बैड का नशा मुक्ति केन्द्र बनेगा. डबवाली में स्थित नशामुक्ति केंद्र में 10 बैड हैं, उन्हें बढ़ाकर 30 किया जाएगा और ऐलनाबाद सरकारी अस्पताल के पास एक नया नशा मुक्ति केंद्र बनेगा. यहां पर सफाई कर्मचारियों के वेतन में 2100 रुपए बढ़ोत्तरी का ऐलान भी सीएम ने किया है.
पूर्व सांसद ने रखी थी मांग
सिरसा लोकसभा सीट से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी से संत कबीर दास भवन निर्माण के लिए 5 एकड़ जमीन और 25 करोड़ रुपए देने की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि सिरसा की जनता ने भी मुख्यमंत्री का हाथ पकड़ा हैं और अब यहां की जनता आशा की दृष्टि से उनकी ओर देख रही है. इसके अलावा उन्होंने सिरसा में IIT बनाने की मांग की थी. उन्होंने कहा कि आईआईटी बनने से युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता आएगी और वे नशे के चंगुल से बाहर निकल सकेंगे.
