सिरसा | राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां 22-28 फरवरी तक वार्षिक फाल्गुनी मेले का आयोजन हो रहा है जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे. इन श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. हरियाणा परिवहन विभाग ने भी खाटूश्याम मेले के लिए कमर कस ली है और कई जिलों से खाटूश्याम के लिए स्पेशल बसों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है.
सिरसा- खाटूश्याम एक्सप्रेस बस सेवा
हरियाणा रोडवेज डिपो सिरसा ने खाटूश्यामजी के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत प्रदान की है. यह बस सिरसा से वाया फतेहाबाद, अग्रोहा, हिसार, सिवानी, झुंपा, राजगढ़, चुरू, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, सीकर और पलसाणा होते हुए खाटूश्याम पहुंचेगी.
यह बस सिरसा बस स्टैंड से दोपहर सवा 12 बजे रवाना होकर 1.05 बजे फतेहाबाद, दोपहर 3 बजे हिसार, शाम साढ़े 4 बजे राजगढ़, शाम 6 बजे चुरू, रात 8 बजे सीकर और 09.10 बजे खाटूश्याम पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह 9 बजे खाटूश्याम से रवाना होकर 10 बजे सीकर, 12 बजे चुरू, दोपहर डेढ़ बजे राजगढ़, सवा 3 बजे हिसार और शाम 6 बजे सिरसा आगमन करेगी.
श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
सिरसा रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि खाटूश्याम मेले में श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए इस बस सेवा के संचालन का फैसला लिया गया है. सीधी बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं सीट पर बैठ कर लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक स्थिति में पूरा कर सकेंगे. रात में आराम से श्याम बाबा के दर्शन कर सुबह इसी बस से वापस लौट सकेंगे.
