सिरसा दौरे पर सुशील गुप्ता, संगठन से लेकर मोदी के जींद दौरे तक कई मुद्दों पर होगी बड़ी बात

सिरसा | आम आदमी पार्टी (आप) के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता लंबे समय बाद मंगलवार को सिरसा दौरे पर पहुंचेंगे. इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे. कार्यक्रम को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुशील गुप्ता कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद दोपहर करीब 12.30 बजे हिसार रोड स्थित एक निजी पैलेस में मीडिया से बातचीत करेंगे.

aap mla

इस दौरान वह प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठन के विस्तार और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखेंगे. सिरसा का इलाका पंजाब से सटा होने के कारण पार्टी यहां संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा करेगी.

देनी चाहिए आर्थिक सहायता

हाल के दिनों में सुशील गुप्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर हरियाणा के लिए विशेष बजट की मांग उठा चुके हैं. उनका कहना है कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र सरकार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देनी चाहिए. संभावना है कि सिरसा दौरे के दौरान भी वह जिले से जुड़े विकास और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे. इससे पहले सुशील गुप्ता कालांवाली नगरपालिका चुनाव के दौरान सिरसा के कालांवाली में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे. उस समय उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए थे.

नियमों की अनदेखी

उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग के नियमों की अनदेखी सिरसा प्रशासन में देखने को मिली. साथ ही भाजपा पर नशे के कारोबार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि प्रदेश में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है और सरकार इसे रोकने में विफल रही है. सुशील गुप्ता के इस दौरे को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मीडिया से बातचीत के दौरान उनके बयान और घोषणाओं पर राजनीतिक दलों की भी नजर रहेगी. यह खबर आगे मिलने वाली नई जानकारी के अनुसार अपडेट की जाएगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.