सोनीपत | आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्यायिक सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के हरियाणा में शुरू किया गया राज्यव्यापी ‘दिशा’ मोबाइल जागरूकता अभियान सोनीपत के बहालगढ़ पहुंचा. अभियान के तहत मोबाइल वैन के माध्यम से लोगों को टेली- लॉ, निःशुल्क कानूनी सहायता, कानूनी अधिकारों और डिजिटल न्याय सेवाओं के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी जा रही है.

केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग तथा सीएससी-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सहयोग से संचालित इस अभियान की शुरुआत 4 अगस्त को करनाल से हुई थी. इसके बाद अभियान के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को न्यायिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
दी जा रही जानकारी
सीएससी के टेली- लॉ विभाग के स्टेट कोऑर्डिनेटर मुजफ्फर हुसैन ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है. अभियान में शामिल मोबाइल वैन में एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और ऑडियो- वीडियो सामग्री लगाई गई है. इनके माध्यम से आमजन को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों और न्याय पाने की प्रक्रिया के बारे में बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कई बार लोग कानूनी जानकारी के अभाव में उपलब्ध सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाते. ऐसे नागरिकों तक सीधे पहुंचकर उन्हें जरूरी जानकारी देना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.
किया जा रहा जागरूक
सीएससी के जिला प्रबंधक शशि कांत कौशिक ने कहा कि जानकारी के अभाव में अनेक लोग अपने कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं से वंचित रह जाते हैं. ‘दिशा’ मोबाइल जागरूकता अभियान ऐसे लोगों को न्याय व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उन्होंने बताया कि आमजन कानूनी सलाह लेने के लिए अपने नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर टेली- लॉ सेवा का लाभ उठा सकते हैं. सीएससी- गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड की ओर से यह सेवा सभी सीएससी सेंटरों के माध्यम से बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है.
कौशिक ने लोगों से अपील की कि वे भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही इस महत्वपूर्ण सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने कानूनी अधिकारों व विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनें.