सोनीपत | हरियाणा में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में नायब सैनी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में खरखौदा से दिल्ली जाने वाली सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. इस दौरान वाहनों की आवाजाही से निर्माण कार्य प्रभावित ना हों, उसके लिए कई विभागों द्वारा आपस में सहयोग को लेकर चर्चा हुई है. इसके साथ ही, रूट डायवर्ट का प्लान तैयार किया गया है.
7 करोड़ रुपए होंगे खर्च
खरखौदा से दिल्ली सड़क मार्ग की बात करें, तो पिपली में रोड बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है. यहां लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. ऐसे में अब लोक निर्माण विभाग की ओर से 7 करोड़ रुपए खर्च कर इस सड़क को नए सिरे से बनाया जाएगा. जिसकी मंजूरी मिलते ही धरातल पर काम शुरू हो जाएगा.
वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
खरखौदा से दिल्ली सड़क मार्ग को शहर के बाईपास से लेकर KMP एक्सप्रेसवे तक बनाया जाएगा. इस सड़क मार्ग पर बहुत ज्यादा ट्रैफिक दबाव है. ऐसे में यदि सड़क बनाते समय वाहनों की आवाजाही जारी रहती है, तो काम पूरा होने में ज्यादा समय लगेगा. इसलिए लोक निर्माण विभाग की ओर से वाहनों का रूट डायवर्ट करने का प्रस्ताव एसडीएम को सौंप कर मंजूरी मांगी गई है.
खरखौदा से वाया थाना कला, थाना खुर्द मंडोरा व नाहरा होते हुए हलालपुर के रास्ते जटोला व सैदपुर चौक पर पहुंचा जा सकता है. जबकि दिल्ली जाने के लिए NH- 334B से कंवाली- नरेला मार्ग या फिर रोहट से UER- 2 का प्रयोग किया जा सकता है. इसी प्रकार से दूसरी तरफ खरखौदा से वाया गोपालपुर और फिर IMT होते हुए नाहरा- बहादुरगढ़ मार्ग के रास्ते दिल्ली आवाजाही की जा सकती है. वाहन चालक इसके साथ ही बरोणा मार्ग के रास्ते खुरमपुर मोड, पाई, किढौली होते हुए सोहटी गांव से सैदपुर की तरफ भी आ सकते हैं.
पुलिस लगाएगी बैरिकेड
सड़क निर्माण कार्य के दौरान एसडीएम द्वारा पुलिस को खरखौदा में नहर के पास, KMP मोड़ के पास व सैदपुर चौक पर पुलिस को बैरिकेड लगाने के आदेश दिए गए हैं. इस रूट पर पिपली में 400 मीटर हिस्सा कंक्रीट का बनाया जाएगा. जहां से रूट डायवर्ट किया गया है, वहां पेड़ों की टहनियां हटाने के लिए वन विभाग को और बिजली की तारों के लिए बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं.
