सोनीपत | मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीक्रस्ट) में शैक्षणिक सत्र 2026- 27 के लिए दाखिले का एक और मौका दिया गया है. विश्वविद्यालय में 27 पीजी समेत कई पाठ्यक्रमों की खाली सीटों को भरने के लिए सातवीं, आठवीं और नौवीं फिजिकल काउंसिलिंग कराई जाएगी. इसके लिए 31 अगस्त, 3 सितंबर और 7 सितंबर की तारीख तय की गई है.
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के अनुसार, सातवीं फिजिकल काउंसिलिंग 31 अगस्त को सुबह 9:30 बजे शुरू होगी. इसके बाद आठवीं काउंसिलिंग 3 सितंबर और नौवीं काउंसिलिंग 7 सितंबर को होगी. इच्छुक अभ्यर्थियों को संबंधित विभाग में पहुंचकर काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल होना होगा.
3 चरणों में काउंसिलिंग
एडमिशन नोटिस के मुताबिक, सीट अलॉट होने के बाद निर्धारित समय के अंदर फीस जमा करना अनिवार्य होगा. सातवीं काउंसिलिंग में सीट मिलने पर 31 अगस्त रात 11:59 बजे तक फीस जमा करनी होगी. आठवीं काउंसिलिंग के लिए 3 सितंबर और नौवीं के लिए 7 सितंबर रात 11:59 बजे तक फीस जमा करने का समय रहेगा. रिक्त सीटों के लिए एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी एनवायरमेंट साइंस, एमएससी मैथमेटिक्स, एमएससी फिजिक्स, एमए इंग्लिश, एमबीए, एमएचए और एम.प्लान अर्बन एंड रीजनल प्लानिंग समेत कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलेगा.
NEP- 2020 वाले कोर्स
इसके अलावा एमटेक बायोमेडिकल इंजीनियरिंग, सिविल हाईवे इंजीनियरिंग, स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिक पावर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (वीएलएसआई डिजाइन), मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, बायोटेक्नोलॉजी और केमिकल इंजीनियरिंग की खाली सीटें भी भरी जाएंगी. विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 पर आधारित कई पाठ्यक्रमों में भी दाखिले का अवसर रखा है. इनमें बीए इंग्लिश, बीबीए, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी, बीएससी केमिस्ट्री, बीएससी मैथ, बीएससी फिजिक्स और बीसीए के चार वर्षीय ऑनर्स या ऑनर्स विद रिसर्च कार्यक्रम शामिल हैं.
फ्रेंच और जर्मन भाषा के सर्टिफिकेट कोर्स में भी प्रवेश लिया जा सकता है. एडमिशन नोटिस में स्टार चिह्न वाले पाठ्यक्रमों के लिए सीयूईटी-2026 का स्कोर भी मान्य रहेगा.
