सोनीपत | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सवारियों की डिमांड पर एक सप्ताह से बंद पड़ी सोनीपत- गोरड़ रोडवेज बस सेवा को फिर से हरी झंडी दिखाई गई है. इस रूट पर बस सेवा दोबारा शुरू होने से ककरोई, भदाना, खेड़ी, निरथान, बिधलान, सिलाना और गोरड़ समेत एक दर्जन गांवों के लोगों को राहत पहुंचेगी.

निजी वाहनों पर निर्भर थे ग्रामीण
सोनीपत से गोरड़ रूट पर पहले प्राइवेट बसें संचालित होती थी लेकिन इनका संचालन लंबे समय से बंद पड़ा है. ऐसे में ग्रामीणों की मांग पर रोडवेज विभाग ने इस रूट पर सरकारी बस सेवा को हरी झंडी दिखाई थी. यह बस भी 17 अगस्त से बंद थी, जिसके चलते एक दर्जन से ज्यादा गांवों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी और उन्हें सफर करने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर होना पड़ रहा था.
इन गांवों के लोगों को सोनीपत शहर आने और जाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ऐसे में ग्रामीणों ने रोडवेज विभाग से इस बस सेवा को नियमित करने की मांग उठाई थी, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.
परिवहन मंत्री दे चुके निर्देश
ग्रामीणों का कहना था कि परिवहन मंत्री अनिल विज पहले ही निर्देश जारी कर चुके हैं कि हर गांव तक परिवहन विभाग की बस सेवा पहुंचनी चाहिए. ऐसे में इस रूट पर दोबारा बस सेवा शुरू होने पर एक दर्जन से ज्यादा गांवों के लोगों को राहत पहुंचेगी. उनकी सोनीपत शहर तक आवाजाही आसान हो जाएगी. निजी वाहनों की मनमानी और महंगे किराए से इन गांवों के लोगों को छुटकारा मिलेगा.