सोनीपत | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सोनीपत जिले में कई सालों के बाद ककरोई रोड पर आवाजाही को सुगम बनाने की तैयारियां शुरू हो गई है. दरअसल लगभग 15 सालों के बाद सड़क के जर्जर हिस्से पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा. इसके मरम्मत कार्य पर 88 लाख रुपए की धनराशि खर्च होगी. इसके निर्माण कार्य का शुभारंभ खरखौदा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक विधायक पवन खरखौदा, सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक निखिल मदान व मेयर राजीव जैन ने किया.

उन्होंने लहराड़ा में 76.51 लाख रुपए से 6 साल से सामुदायिक भवन के अधूरे निर्माण कार्य को भी पूरा करने का काम शुरू कराया. 1.08 करोड़ रुपए से वाल्मिकी चौपाल की मरम्मत, कब्रिस्तान की 4 दीवारी व गलियों के निर्माण का शुभारंभ भी विधायक व मेयर ने नारियल तोड़कर किया.
आवागमन होगा आसान
विधायक पवन खरखौदा ने बताया कि पूरे सोनीपत जिले में विकास कार्य तेजी से करवाए जा रहे है और सालों से चली आ रही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. विधायक निखिल मदान ने कहा है कि ककरोई रोड का निर्माण होने से शहरवासियों के लिए आवाजाही करना बेहद आसान हो जाएगा.
लोक निर्माण विभाग को सौंपी जिम्मेदारी
मेयर ने कहा कि ककरोई रोड की मरम्मत कार्य की देखरेख लोक निर्माण विभाग द्वारा की जाएगी. उन्होंने बताया कि आसपास के 15 गांव के लोगों की समस्याओं को देखते हुए नगर निगम ने इस सड़क मार्ग की मरम्मत का फैसला लिया है. सड़कों की दशा सुधरने से लोगों का सफर आसान व सुरक्षित बनेगा.