सोनीपत | देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक शुभारंभ से पहले गुरुवार को सोनीपत जिले के गोहाना रेलवे जंक्शन पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी पत्नी डॉ. रीता शर्मा, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि जिस तरह किसी विशेष अतिथि के स्वागत से पहले घर की साफ- सफाई की जाती है, उसी भावना के साथ देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं.

स्वच्छता अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर की साफ- सफाई की गई. मंत्री ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में ही ऐतिहासिक अवसरों का स्वागत होना चाहिए. इस दौरान नगर परिषद के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने भी श्रमदान कर अभियान में भाग लिया.
ट्रेन का स्वागत
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा रही है. जब घर में कोई खास मेहमान आता है तो पूरा परिवार घर को सजाता और साफ करता है. उसी प्रकार 17 जुलाई को पहली बार गोहाना पहुंचने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का स्वागत भी विशेष तरीके से किया जाएगा. उन्होंने बताया कि गोहाना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का स्वागत उनकी पत्नी डॉ. रीता शर्मा की अगुवाई में किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे.
गोहाना को मिलेगी नई पहचान
मंत्री ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन गोहाना के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. इससे गोहाना को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी. उन्होंने बताया कि यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच करीब 89 किलोमीटर का सफर लगभग दो घंटे में पूरा करेगी. इस रूट पर 13 रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव होगा. डॉ. शर्मा ने बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल तकनीक पर आधारित है. उन्होंने दावा किया कि ट्रेन का शुरुआती किराया 5 रुपये से शुरू होगा, जबकि सोनीपत से जींद तक का सफर करीब 25 रुपये में किया जा सकेगा. ट्रेन एक बार में लगभग 600 यात्रियों को लेकर चल सकेगी. इसमें 1200 हॉर्स पावर का इंजन लगाया गया है.
PM दिखाएंगे हरी झंडी
उन्होंने बताया कि जींद में 400 किलोग्राम क्षमता का हाइड्रोजन प्लांट स्थापित किया गया है, जबकि ट्रेन की फ्यूल क्षमता 300 किलोग्राम है. पूरी तकनीक स्वदेशी है और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का उदाहरण है. सहकारिता मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. ट्रेन के दो फेरे संचालित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली में भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अधिकतम इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग पर जोर दिया गया है.
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा से दौड़ने के लिए तैयार… pic.twitter.com/F61TdC16nJ
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) July 15, 2026
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
डॉ. अरविंद शर्मा ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष आधुनिक तकनीक और विकसित भारत की अवधारणा को समझने में विफल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा, आधुनिक तकनीक, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों के जरिए नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है. स्वच्छता अभियान में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल, सचिव सुन्दर शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन कृष्ण सैनी, डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, महाबीर गुप्ता, रामधारी जिंदल, डॉ. रमेश कश्यप, प्रवीण खुराना, भूपेंद्र मुदगिल, पार्षद आजाद मलिक, संजय सैनी, नरेंद्र, नन्हा राम, विनोद राजौरा, सुमित बंसल, बबली, पंचायत समिति चेयरमैन मनोज शर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.