सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां लंबे समय से बदहाल स्थिति से जूझ रहे सिविल अस्पताल का कायाकल्प किया जाएगा जिसके लिए 178 करोड़ रुपए से ज्यादा के विभिन्न प्रोजेक्ट्स को मंजूरी प्रदान की गई है. सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक निखिल मदान ने हरियाणा विधानसभा के सत्र में सिविल अस्पताल की बदहाली के मुद्दे को मजबूती से उठाया था, जिसके बाद सरकार ने इसकी सुध ली है.
138 करोड़ से MCH का निर्माण
सिविल अस्पताल में मातृ एवं शिशु हेल्थ विंग (MCH) का निर्माण किया जाएगा. 8 मंजिला पूरी तरह से वातानुकूलित एवं मॉडर्न बेसमेंट इस बिल्डिंग के निर्माण पर 138 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. इसमें 4 ऑपरेशन थियेटर, NICU, SNCU और कंगारू मदर केयर यूनिट जैसी उन्नत एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इस प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
1.18 करोड़ रुपए की लागत राशि से अस्पताल परिसर की सभी सड़कों को सीमेंटेड बनाया जाएगा. वहीं, 66 लाख रुपए से अस्पताल के शौचालयों का नवीनीकरण और मरम्मत कार्य किए जाएंगे. 6.45 करोड़ रुपए की लागत से अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए आधुनिक विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और विभाग से स्वीकृति मिल चुकी है.
27 करोड़ से बनेगा नया CMO भवन
सिविल अस्पताल में नए CMO कार्यालय भवन का निर्माण किया जायेगा जिसपर 27 करोड़ रुपए की अनुमानित राशि खर्च होगी. वहीं, अस्पताल के मुख्य भवन की मरम्मत के लिए 3.80 करोड़ रुपए का विस्तृत प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है.
बीजेपी विधायक निखिल मदान ने बताया कि अधिकारियों से मुलाकात कर शीघ्र ही इन कार्यों को स्वीकृति प्रदान कराई जाएगी ताकि जल्द से जल्द सभी प्रोजेक्ट्स को धरातल पर अमलीजामा पहनाया जा सकें.
