चंडीगढ़ | अबकी बार मानसून की बरसात में हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे NCR का 15 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है. इस बार उतनी गर्मी भी महसूस नहीं हो पाई जितनी हर बार महसूस होती थी. इंद्रदेव काफी मेहरबान रहे और लोगों को गर्मी से राहत मिल गई, लेकिन बारिश से होने वाले जल भराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानियों को बढ़ाने का काम भी किया है. अब मौसम करवट लेने वाला है. इस बारे में मौसम विभाग की तरफ से अपडेट मिला है.
विदाई से पहले और बरसेगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के अब उल्टे दिन लग चुके हैं. 17 सितंबर से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी, लेकिन जाते हुए मानसून फिर से भिगो कर जाएगा. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 3 से 4 दिन तक इसी प्रकार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
1 सितंबर को अच्छी बरसात के बाद 2 और 3 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं. मानसून ट्रफ उत्तर भारत में बनी हुई है और लो प्रेशर एरिया बनने के कारण आने वाले 12 से 13 दिनों के दौरान बरसात का जोर इसी प्रकार जारी रहेगा.
कई जिलों में अलर्ट जारी
बारिश के चलते कई जगह हालात खराब हो चुके हैं. सिरसा में घग्घर नदी डेंजर लेवल पर बह रही है वहीं कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी ओवरफ्लो चल रही है. एहतियात के तौर पर सरकार द्वारा पब्लिक हेल्थ विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है. इसी बीच मौसम विभाग द्वारा आज कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर सहित 6 जिलों में बरसात को लेकर अलर्ट जारी किया है. विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर के शुरुआती दिनों में अच्छी खासी बरसात होगी जिससे मौसम भी सुहावना हो जाएगा.
