हिसार | हरियाणा में सर्द मौसम की शुरुआत हो चुकी है. मौसम विभाग की ओर से आज पूरे राज्य के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. खासतौर पर सुबह के समय ठंड ज्यादा देखने को मिल रही है. जीटी रोड से सटे इलाकों करनाल, पानीपत, सोनीपत सहित अधिकतर जिलों में कोहरा छाया हुआ है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में विजिबिलिटी 10 मीटर से 50 मीटर तक बनी हुई है.
मौसम विभाग ने दिन में धूप निकलने की उम्मीद जताई है जिससे कुछ हद तक ठंड से राहत मिल सकती है. जीटी रोड पर कोहरा ठंड के असर को दोगुना कर रहा है. वहीं, दक्षिण हरियाणा के इलाकों में सूखी ठंड पड़ रही है जिससे लोगों को ज्यादा ठिठुरन झेलनी पड़ रही है.
हरियाणा के इस शहर में सबसे कम तापमान
प्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान की बात करें तो नारनौल शहर का 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और पलवल का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि कोहरे के साथ- साथ ठंडी हवाओं का प्रकोप कपकपी को बढ़ाने का काम करेगा. हालांकि, ठंडी हवाओं से कोहरा जल्दी छट जाएगा.
साल की आखिर तक ऐसा रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में 31 दिसंबर तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान 28 से 30 दिसंबर के बीच ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी के आसार हैं, लेकिन 31 दिसंबर के बाद उत्तर व उत्तर- पश्चिमी शीत हवाओं से खासतौर पर रात के तापमान में पहले से ज्यादा गिरावट देखने को मिलेगी.
