चंडीगढ़ | रविवार सुबह से हरियाणा (Haryana Weather Update) के 7 जिलों पानीपत, करनाल, सोनीपत, हिसार, भिवानी, रोहतक और जींद में बादल छाए रहे. प्रदेश के कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में हल्की बारिश हुई, जबकि पंचकूला और पलवल में घनी धुंध देखने को मिली. धुंध के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में विजिबिलिटी सिमटकर 10 से 50 मीटर तक रह गई.
7 जिलों में बनी बरसात की संभावना
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर के कारण उत्तरी हरियाणा के 7 जिलों पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, अंबाला और पंचकूला में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है. प्रदेश के ज़्यादातर इलाकों में बरसात से दिन का तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री तक लुढ़क गया. हिसार में दिन का तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री, वहीं रोहतक में दिन का तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री कम 13.5 डिग्री दर्ज़ किया गया.
13 से बढ़ेगी ठंड
प्रदेश के 9 जिलों रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, नारनौल, रोहतक, जींद, सोनीपत और पानीपत में 11 जनवरी को सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बारिश दर्ज की गई. सिरसा और पानीपत में देर रात तक बारिश हुई, जबकि हिसार में सुबह 10 बजे शुरू हुई बारिश शाम 5 बजे तक जारी रही.
HAU हिसार के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 जनवरी से ठंड का तीसरा और ज़्यादा तेज दौर शुरू होगा. पूरे महीने भर में लगभग 20 दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है. आने वाले दिनों में तापमान लुढ़केगा और जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ेगा.
