चंडीगढ़ | हरियाणा में साल का पहला दिन ठंड के लिहाज से लोगों के लिए काफी ज्यादा परेशानी भरा रहा. एक और जहाँ सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई. दूसरी तरफ दिन में चलने वाली ठंडी हवाओं ने आम आदमी की परेशानियों को बढ़ाया. आलम ये है कि शीत लहर के कारण घर से निकलना भी दुर्भर हो चुका है. रात के समय तो ठंड और भी ज्यादा सितम ढा रही है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और ज्यादा गिरावट देखने को मिल सकती है.
ऐसा रहा कल का दिन
साल के आखिरी दिन 31 दिसंबर को प्रदेश का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया. मंगलवार को नारनौल जिला सबसे ज्यादा ठंडा स्थान रहा. यहाँ का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, हिसार का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री, भिवानी का 6.4 डिग्री, सिरसा का 7.4 डिग्री, अंबाला 9.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया. राजधानी चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. कोहरे के चलते अंबाला, अमृतसर और दिल्ली की तरफ जाने वाली 25 ट्रेनें प्रभावित हुई. वर्तमान में 14 ट्रेनें ऐसी हैं जो अपने निर्धारित समय से लगभग 9 घंटे की देरी से चल रही हैं. साथ ही 11 ट्रेनों को कोहरे के चलते रद्द कर दिया गया.
इस महीने शीतलहर के दिन होंगे ज़्यादा
मौसम विभाग द्वारा 1 जनवरी तक हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पलवल, जींद, भिवानी, चरखी- दादरी में शीतलहर चलने के आसार बताए गए हैं. 11 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रहेगी. आईएमडी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जनवरी से मार्च के दौरान उत्तर भारत में बरसात सामान्य से कम होने के आसार हैं. जनवरी के महीने में सामान्य से ज्यादा शीतलहर वाले दिनों का सामना करना पड़ सकता है.
