नई दिल्ली | उत्तर- पश्चिम भारत में अगले 2 दिनों तक घने कोहरे की संभावना बनी हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर और मध्य भारत में फिलहाल ठंड से राहत न मिलने की संभावना जताई है. कल 14 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इसके कारण बारिश और ठंड बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान में 2- 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज़ की सकती है.
इन राज्यों में रहेगा घना कोहरा
13 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 14 जनवरी को ऐसा ही हाल पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में रहेगा. इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 16 जनवरी तक बारिश और ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है. दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू- कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है.
तापमान का हाल
अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर- पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2- 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी. इसके बाद, 3 दिनों तक यह तापमान 2- 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. अगले 24 घंटों में पश्चिम भारत में तापमान में गिरावट के बाद धीरे- धीरे बढ़ोतरी की भी संभावना बनी हुई है. पूर्वी भारत में ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में दोबारा से गिरावट दर्ज़ की जा सकती है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
- 13 जनवरी : पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कोल्ड- डे की स्थिति बन सकती है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भी घना कोहरा छाया रहेगा.
- 14 जनवरी : पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में घने कोहरे के साथ बारिश वहीं तमिलनाडु व केरल में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं.
- 15 जनवरी : उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में घने कोहरे, वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गरज- चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
- 16 जनवरी : पहाड़ी राज्यों और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बरसात और उत्तर प्रदेश, असम, त्रिपुरा और मेघालय में घने कोहरे की संभावना बनी हुई है.
