नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में आज रात का तापमान दिन के बराबर रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज 9 अप्रैल को वार्म नाइट यानी बेहद गर्म वाली रातों की चेतावनी जारी की है. इसका मतलब यह हुआ कि आज राजधानी में रात और दिन बेहद गर्म रहने वाले हैं. इस दौरान हीट वेव भी लोगों को परेशान करती नजर आएगी.
2 दिन होगी झमाझम बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आज गाजियाबाद, गुरुग्राम समेत राजधानी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि कल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
10 और 11 अप्रैल को बरसात होने के भी आसार बने हुए हैं, जिसके बाद तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है. उसके बाद 12 से 15 अप्रैल तक दिल्ली एनसीआर इलाके में हीट वेव नहीं चलेगी.
पारा पहुंचेगा 40 डिग्री के पार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि ने जानकारी दी कि आज 9 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. वहीं नोएडा और गाजियाबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और गुरुग्राम का 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. इन तीनों ही जगह का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है.
