चंडीगढ़ | हरियाणा में बेमौसमी बारिश का दौर चल रहा है. कल हिसार, गुरुग्राम, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद, यमुनानगर और कैथल में रुक- रुककर बारिश हुई. रात के समय रेवाड़ी में ओले गिरे. मौसम विभाग ने आज जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
खट्टी- मीठी ठंड का अहसास
बारिश के चलते राज्य में अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. पिछले दिनों के मुकाबले अधिकतम तापमान में 5.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में गर्मी से काफी राहत मिली है. तापमान सामान्य से लगभग 8 से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है. राज्य में सबसे अधिक तापमान पलवल जिले में दर्ज किया गया है जोकि 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा है.
अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिली है जिससे रातें पहले की तुलना में ठंडी रही है.
गेहूं की क्वालिटी और उत्पादन प्रभावित
वर्तमान में खेतों में गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार है. लगातार बारिश से गेहूं की क्वालिटी और उत्पादन दोनों में गिरावट आएगी. जिन खेतों में पछेती गेहूं के कारण दाना कच्चा है, वह बार- बार भीगने से दाना छोटा और काला पड़ने की संभावना है. इससे गेहूं की गुणवत्ता कम होगी और फंगस का खतरा बढ़ेगा.
आगे जाने मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, फिलहाल मौसम बारिश का ही रहने वाला है. आज राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. 9 अप्रैल को उत्तरी जिलों में बूंदाबांदी होने की संभावना है. अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है. 11 अप्रैल को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है.
