चंडीगढ़, Haryana Mausam News | हरियाणा में आज सुबह से मौसम करवट लेता नजर आया. प्रदेश के सोनीपत, रेवाड़ी, पानीपत, करनाल, यमुनानगर और नारनौल में बिजली चमकने के साथ बरसात देखी गई. सुबह 5:30 बजे मौसम खराब होना शुरू हुआ, 6 बजे हल्की बूंदाबांदी और 6:30 तक तेज बरसात शुरू हो गई. जींद, महेंद्रगढ़ सहित कई इलाकों में आज अलसुबह धुंध छाई रही.
आज इन शहरों में होगी बरसात
विभाग द्वारा पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में आज माध्यम दर्जे की बरसात होने का अनुमान जताया है, जबकि बाकी जिलों में हल्की बरसात की संभावना व्यक्त की है. दूसरी तरफ हिसार, जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और चरखी दादरी में डेंस फॉग का येलो अलर्ट जारी हुआ है.
बीते 24 घंटे के दौरान दिन के तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज़ की गई. कल रविवार को हिसार, जींद और फरीदाबाद दिन के सबसे ज्यादा ठंडे स्थानों में शुमार रहे. हिसार में अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री, वहीं जींद और फरीदाबाद में 13.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत
वर्तमान में प्रदेश में धुंध और कोहरा छा रहा है और पहाड़ों से 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चल रही है, इससे दिन के तापमान में गिरावट देखी जा रही है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट देखी जाएगी. 10 जनवरी के बाद मौसम फिर से करवट लेगा और एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बरसात के आसार भी बन सकते हैं.
