हिसार, Haryana Weather Update | हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है. आज 16 जून को पानीपत में सुबह होते ही बारिश शुरू हो गई. झज्जर, सोनीपत और चरखी दादरी का आसमान बादलों से ढका हुआ है. इससे पहले रविवार को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है, जहां दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ था, वह लुढ़ककर 40 डिग्री के नीचे आ गया है. तापमान में करीब 10 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है.
4 दिन तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने हरियाणा में लगातार 4 दिन तक बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान आसमानी बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है. चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी दी कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है, जिसके चलते 19 जून तक मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी. 19 जून से राज्य में प्री- मॉनसूनी हवाएं पहुंच सकती हैं, जिससे मौसम में फिर से बदलाव आएगा. इससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और तापमान और गिरेगा. मौसम विभाग के अनुसार 28 जून को राज्य में मानसून की एंट्री हो जाएगी और 3 जुलाई तक यह पूरे हरियाणा में सक्रिय रहेगा.
इन जिलों में बरसेंगे बादल
आज 16 जून को हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल और चरखी दादरी में 25% तक बारिश की संभावना है. महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, मेवात, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में 25 से 50% तक बारिश के आसार हैं. कल 17 जून को कैथल, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, मेवात, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, 18 और 19 जून को भी राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
