चंडीगढ़ | हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढ़ रही थी. इसी बीच हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई है और पहले के मुकाबले लोगों को गर्मी से राहत मिली है. अभी मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग ने आने वाले 2 दिन अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया है जिसका सीधा असर हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में देखने को मिलेगा.
हरियाणा में बारिश का असर
ओलावृष्टि और बारिश के कारण प्रदेश में गर्मी पर ब्रेक लग गया है. मार्च की शुरुआत में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था. अब सभी जिलों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. हिसार का तापमान मार्च की शुरुआत में 37 डिग्री के पास पहुंच गया था. फिलहाल, हिसार का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के पास बना हुआ है. यहां ठंडी हवाओं के साथ हल्की धूप खिली है.
अंधड़ और बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, आने वाले दिनों में पूरे मैदानी इलाकों विशेषकर हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 18 की रात को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना है. 19 मार्च को फिर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है. इससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी वहीं 20 मार्च को कुछ स्थानों पर बादल बने रह सकते है तथा तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है. 21 मार्च को मौसम धीरे- धीरे साफ होने लगेगा.
किसानों को सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को सलाह है कि फिलहाल खेतों में पानी न लगाएं क्योंकि तेज हवाओं से फसल गिर सकती है. इसके साथ ही, कहा है कि फसलों में कीटनाशक का छिड़काव अभी के लिए टाल दे और कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखे. इसके अलावा, अनाज की ढेरी को तिरपाल से ढककर रखें ताकि भीगने से बचाया जा सके.
