चंडीगढ़ | हरियाणा के लगभग सभी क्षेत्रों में मानसून ने असर दिखाना शुरू कर दिया है. रुक- रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हुआ है, लेकिन वातावरण में नमी की मात्रा अभी भी बनी हुई है, जिससे लोगों को कुछ परेशानी हो रही है. बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई स्थानों पर पेड़ गिरने, मकानों को नुकसान पहुंचने और फसलें खराब होने की घटनाएं भी सामने आई हैं.

कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
आज 17 जुलाई की सुबह भिवानी, महेंद्रगढ़, यमुनानगर, जींद और चरखी दादरी में बारिश दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने आज सात जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और मेवात में येलो अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में गरज- चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए खराब मौसम का पूर्वानुमान दिया है.
18 जुलाई तक बनी रहेगी सक्रियता
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि 18 जुलाई तक हरियाणा में मानसून की सक्रियता बनी रह सकती है. इस कारण प्रदेश का मौसम परिवर्तनशील रहेगा और अधिकतर इलाकों में बीच-बीच में हवाओं और गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी हो सकती है. साथ ही, वातावरण में नमी की मात्रा में इजाफा होने की संभावना है.
18 से 20 जुलाई तक यहां होगी बारिश
18 जुलाई को गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, पानीपत, सोनीपत, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में बारिश की संभावना है.
19 जुलाई को अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और फरीदाबाद में वर्षा के आसार हैं.
20 जुलाई को अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र में बारिश की आशंका जताई गई है.