चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क और गर्म बना हुआ है. लगातार बढ़ रहे तापमान ने गर्मी के तीखे तेवर दिखाए है. गर्मी बढ़ने के साथ- साथ वायरल बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है, इसीलिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहे. सुबह- शाम की गुलाबी ठंड आपको बीमार कर सकती है. IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में ओर उतार- चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
हरियाणा मौसम अपडेट
हरियाणा में तापमान की बात करें तो हिसार जिले का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा है. न्यूनतम तापमान में सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है जोकि 13.2 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. बढ़ता तापमान कहीं- न- कहीं जनजीवन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है.
दिखेंगे गर्मी के तीखे तेवर
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा में आने वाले दिनों में गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिलेंगे लेकिन 4 मार्च के बाद आने वाली पश्चिमी प्रणाली से मौसम में फिर बदलाव दिखेगा. पहले सप्ताह में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे दिन में हल्की गर्मी का अहसास होगा. दूसरे सप्ताह में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मार्च महीने में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है जबकि रातें सामान्य रह सकती है. हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है. किसानों के लिए सलाह है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए फसलों में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करें.
