नई दिल्ली, Weather Update | राजधानी दिल्ली में अब दिन के साथ रातें भी गर्म होना शुरू हो चुकी है. दिन के समय तो भयंकर गर्मी से लोगों के माथे पर पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा है. रात में भी गर्मी के चलते चैन से सोना तक मुश्किल हो चुका है. इसी बीच दिल्ली- NCR के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आ रही है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आज 21 अप्रैल को सुबह अचानक चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आज देर रात से यहां आंधी बरसात के आसार बने हुए हैं. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने के आसार बने हुए हैं.
50 KM की रफ़्तार से चलेंगी हवाएं
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज यहां बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है. मौसम में होने वाले इस बदलाव से राजधानी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
इस बारे में जानकारी देते हुए IMD के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर नरेश कुमार ने बताया कि आज देर रात पूरे दिल्ली- एनसीआर एरिया में आंधी तूफान और बरसात के साथ धूल भरी हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग द्वारा जारी किए गए इस अलर्ट का मतलब यह है कि आंधी बारिश और तूफान के समय लोग अपने घरों में ही रहें. ज्यादा जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें.
नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में भी दिखेगा असर
उन्होंने जानकारी दी कि आज राजधानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस इलाके में रात के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.
अभी भी रात के तापमान में कोई ज्यादा बड़ी गिरावट नजर नहीं आ रही है. आज मौसम के करवट लेने से लोगों को गर्मी से हल्की राहत जरूर मिलेगी. आने वाले एक से दो दिनों तक मौसम कुछ सुहावना रह सकता है.
