हिसार, Haryana Mausam Update | पंजाब, NCR समेत हरियाणा के कई इलाकों में आसमानी पानी से आफत बरस रही है. हरियाणा के फरीदाबाद में यमुना नदी के पानी से 50 एकड़ फसल में पानी भर गया. कई जगह मकान ढहने की भी सूचना मिली. गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम के आदेश जारी किए गए हैं. यहां स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं के आदेश जारी हो चुके हैं.
आज सुबह से ही हिसार, पानीपत, यमुनानगर, करनाल, जींद, झज्जर और चरखी दादरी में बरसात का दौर जारी है. बरसात के कारण भिवानी, हिसार, सिरसा, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला के कुछ स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है.
खतरे के निशान पर नदियां
कुरुक्षेत्र स्थित मारकंडा खतरे के निशान पर बह रही है. वहीं यमुनानगर स्थित हथिनी कुंड बैराज पर मंगलवार सुबह 6:00 बजे 2 लाख 7 हजार 721 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया. बरसात के चलते सबसे ज्यादा पंचकूला, फरीदाबाद, हिसार, गुरुग्राम, अंबाला और यमुनानगर प्रभावित हुए हैं.
इस विषय में जानकारी देते हुए हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि बीते तीन दिनों से प्रदेश में बरसात का दौर जारी है. वर्तमान में मानसून टर्फ उत्तर की तरफ बना हुआ है.
2 और 3 सितंबर को तेज बरसात के आसार
बंगाल की खाड़ी से आ रही बरसात के चलते हरियाणा में दो और तीन सितंबर को बरसात का दौर जारी रहेगा. उसके बाद 4 सितंबर से इसकी गति धीमी पड़ने शुरू हो जाएगी. कल 3 सितंबर को यमुनानगर और अंबाला के लिए बरसात का येलो अलर्ट जारी हुआ है. यहां गरज चमक के साथ तेज बरसात की संभावना बनी हुई है.
पंचकूला, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ज्यादातर इलाके में बरसात की संभावना बनी हुई है. कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और हिसार में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं. सिरसा और फतेहाबाद के कुछेक इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है.
4 और 5 सितंबर का ऐसा रहेगा वेदर
अगले दिन 4 सितंबर को पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में कहीं-कहीं मध्यम बरसात होगी. मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में अधिकतर जगह बारिश की संभावना बनी हुई है.
5 सितंबर को नूंह, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में ज्यादातर इलाकों में बारिश की संभावना है. पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के असर हैं.
