चंडीगढ़, Haryana Weather News | हरियाणा में बीते काफी दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ था. मई का पूरा ही महीना बरसात के दिनों में बीता है. मानसून से पहले हुई बरसात से लोगों को गर्मी का एहसास नहीं हुआ. \इसी बीच मौसम की आंख मिचोली भी जारी रही और कई बार भीषण गर्मी का भी एहसास हुआ. अब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद जल्द मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
कई जिलों में 9 जून से लू का खतरा
वर्तमान में सिरसा और रोहतक जैसे जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई हिस्सों, विशेषकर राजस्थान की सीमा से सटे इलाकों में 9 जून से लू का सामना करना पड़ सकता है. तापमान में 5 डिग्री तक का इजाफा दर्ज किया जा सकता है. इस दौरान सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल जैसे इलाकों में लू अपना असर दिखाएगी.
सेहत पर पड़ सकता है असर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शुक्रवार से तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो सकता है. 9 और 10 जून को लू चलने की संभावना बनी हुई है, जिसके कारण मौसम शुष्क बना रहेगा. राजस्थान से आने वाली गर्म हवाएं हरियाणा में प्रवेश करेंगी और यहां के तापमान में बढ़ोतरी करेंगी. लोगों को गर्मी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना भी करना पड़ सकता है. उन्होंने जनता से अपील की है कि ऐसे मौसम में पर्याप्त पानी पिएं और धूप में बाहर निकलने से बचें.
28 जून को मानसून आने की संभावना
विशेषज्ञों का कहना है कि 28 जून को अपने निर्धारित समय पर हरियाणा में मानसून प्रवेश कर जाएगा और 3 जुलाई तक पूरे राज्य में फैल जाएगा. 15 से 20 जून के दौरान प्री मानसून बरसात की संभावना बनी हुई है, जिससे लू से कुछ राहत मिलेगी. बीते साल 2024 में प्रदेश में मानसून के दौरान 5% कम वर्षा देखने को मिली थी. अबकी बार उम्मीदें हैं कि मानसून अच्छा प्रदर्शन करेगा.
