चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है. धीरे-धीरे ठंड के तेवर भी ढीले पड़ने लगे है. IMD की माने तो अब शीत ऋतु की विदाई लगभग अंतिम चरण पर है और बसंत की बहार के साथ सुहावने मौसम ने दस्तक दे दी है. दिन के समय तेज धूप होती है, लेकिन सुबह और शाम के समय गुलाबी ठंड का असर दिखता है.
हरियाणा में तापमान 25 डिग्री पार
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद में दर्ज किया गया है जोकि 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा है. हरियाणा के 8 जिलों में 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया गया है जिसमें हिसार, महेन्द्रगढ़, नारनौल, भिवानी, फरीदाबाद, रोहतक और सोनीपत शामिल है. औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिनों के मुकाबले 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है जोकि सामान्य से लगभग 1.8 डिग्री अधिक है.
बारिश की संभावना
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन का कहना है कि वर्तमान में हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है. 17 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय होगा. इसके चलते 17 से 19 फरवरी के बीच तेज हवाओं और गरज- चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.
किसानों के लिए सलाह
IMD ने सलाह दी है कि राज्य में इस सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है इसीलिए किसानों को हल्की सिंचाई की सलाह दी है. अधिक सिंचाई से मना किया गया है, क्योंकि इससे जड़ों में सड़न पैदा हो सकती है. इसके साथ, सब्जियों और फलदार पौधों में नमी का संतुलन बनाए रखना जरूरी है. पशुपालकों को सलाह है कि पशुओं को रात में खुले में न बांधे ताकि पशु ठंड से बचे रहे और उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव ना पड़े.
