चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम पूरी तरह बदल गया है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई बारिश और ओलावृष्टि ने अप्रैल की गर्मी पर ब्रेक लगा दिया है. अब लोगो को सुबह- शाम फरवरी जैसी ठंड का अहसास हो रहा है. दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है और रात भी पहले की तुलना में ठंडी हो गई है.

फसलों को नुकसान
प्रदेश में कई जगह बारिश और ओले गिरने से ठंडक बढ़ी है. इससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है. इससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है. मंडी में खुले में पड़ी गेहूं को बारिश से नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग के अनुसार आगे मौसम साफ रहने वाला है.
राज्य में अधिकतम तापमान पर नजर डाले तो यह सामान्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जिससे गर्मी का असर कम हुआ है. राज्य में सबसे ज्यादा तापमान भिवानी जिले का रहा है जो कि 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन यह भी सामान्य से काफी कम रहा है. न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड का अहसास हुआ है. राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे चला गया है. सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया है जो कि 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा है.
आगे जाने मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, राज्य में आज मौसम साफ रहने वाला है. 11 अप्रैल को एक ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी और आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी. 15 अप्रैल से हवाओं का रूख बदलने वाला है, उसके बाद अप्रैल की गर्मी अपने तेवर दिखाएगी.