चंडीगढ़ | पूरे हरियाणा में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का अब मैदानी क्षेत्रों में दिखने लगा है. राज्य में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से जनजीवन प्रभावित हुआ है. सुबह और रात के समय चलने वाली बर्फीली हवाओं से कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है. घने कोहरे के कारण लोगों का घर से निकलना दुभर हो गया है.

राज्य में बुधवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है. यहां रात का तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है. इससे कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है. सबसे कम तापमान सोनीपत जिले में 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा है. हिसार जिले में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा है. यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा है.
हरियाणा में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ने वाला है. आज एक ओर कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ बादलवाई देखने को मिल सकती है. उत्तरी बर्फीली हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है. 19 से 22 जनवरी के बीच हरियाणा, पंजाब, दिल्ली में कहीं- कहीं बारिश होने की संभावना है.
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
23 जनवरी से एक ओर मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है. इस महीने के अंतिम दिनों में ठंड के तीखे तेवर देखने को मिल सकते है. मौसम विभाग ने हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.