हिसार, Haryana Weather Update | मई के महीने की शुरुआत से हरियाणा में मौसम लगातार खुशनुमा बना हुआ है. अप्रैल के महीने में जहां लोगों को चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ रहा था. वहीं, मई के महीने से ही लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर आई है. आंधी- तूफान से कुछ परेशानी भी हुई हैं, लेकिन फिर भी खुशनुमा मौसम से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा.
12 जिलों में हुई तेज बारिश
रविवार देर रात प्रदेश के 12 जिलों अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, यमुनानगर, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत और नूंह में तेज बरसात हुई. पानीपत और यमुनानगर में ओले गिरने की भी जानकारियां सामने आई हैं. हालांकि, इससे मंडियों में रखा 15 लाख टन से ज्यादा गेहूं भीग गया.
मौसम विभाग का कहना है कि 7 मई तक इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा. इस दौरान ज्यादातर जिलों में आंधी के साथ तेज बरसात की संभावना बनी हुई है. बरसात के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई है. फिर भी रविवार को 37.5 डिग्री सेल्सियस के साथ महेंद्रगढ़ जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा.
अगले 2 दिन इन जिलों में होगी बरसात
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज 5 मई को भी प्रदेश के पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर में 50 से 75 फ़ीसदी बारिश की संभावना बनी हुई है. करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत और सोनीपत में 25 से 50 फ़ीसदी बरसात की संभावना है. बाकी जिलों में 25% तक बरसात होने के आसार बने हुए हैं. कल 6 मई को भी सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में बरसात की संभावना बनी हुई है. मौसम में आज बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.
