हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड ने आज मौसम (Haryana Weather) पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि राज्य में 19 जनवरी तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा. लगातार 2 कमजोर पक्षिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा, जिस कारण बीच- बीच में हवाओं में बदलाव होने से कहीं- कहीं आंशिक बादलवाही तथा अलसुबह धुंध भी छाई रह सकती है.
कल से बरसात की संभावना
15 जनवरी और 18 जनवरी को कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है. उसके बाद, मौसम आमतौर पर खुश्क बना रहेगा व उत्तरी- उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने से रात्रि के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. आज 14 जनवरी को सुबह 9 बजे के बाद 11 जिलों में अचानक धुंध बढ़ गई, जिससे विजिबिलिटी 10 से 20 मीटर तक रह गई है. आज प्रदेश के 10 जिलों हिसार, रोहतक, चरखी- दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में कोल्ड वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत
बीते 24 घंटों के दौरान हरियाणा में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है, लेकिन यह अब भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है. वर्तमान में सुबह और शाम काफी ठंड महसूस हो रही है. दिन निकलने के साथ कुछ एक स्थान पर हल्की राहत मिल रही है, लेकिन कुछ इलाके ऐसे हैं जहां दिन भर एक जैसा मौसम बना रहता है. शीत लहर से आमजन जीवन बेहाल हुआ जा रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अभी ठंड से राहत मिलने के आसार ना के बराबर हैं. अगले 6 दिन में मौसम कई बार करवट बदलेगा.
