चंडीगढ़, Haryana Mausam News | हरियाणा में मौसम इन दिनों सुहावना बना हुआ है, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार हो रही बरसात के बावजूद गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिल रही है. मौसम विभाग ने आज के लिए जोरदार मानसूनी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर में सुबह से ही तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है.
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
करनाल, कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में आज 25 से 50% तक बारिश की संभावना है. गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, चरखी दादरी, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और पंचकूला में 50 से 75% तक बरसात के आसार जताए गए हैं. कल रात अंबाला में जोरदार बारिश हुई जिससे कुछ राहत मिली. सुबह होते ही यहां तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया.
शनिवार को राज्य के 8 जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट आई. सबसे ज्यादा तापमान में गिरावट रोहतक में दर्ज की गई, जहां का तापमान 6.5 डिग्री तक गिर गया.
30 जून और 1 जुलाई को भी बरसात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को सिरसा, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की बारिश हो सकती है. फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मध्यम बारिश के आसार हैं. वहीं सोनीपत, पानीपत, जींद, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
1 जुलाई को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और झज्जर में बरसात के आसार जताए गए हैं.
