हिसार | हरियाणा में इस बार मानसून का प्रदर्शन बीते वर्षों के मुकाबले बेहतर रहा है. हालांकि, पिछले कुछ दिनों से तापमान में धीरे-धीरे इज़ाफ़ा देखने को मिल रहा है. पहले हुई बरसात के कारण तापमान में गिरावट आई थी और लोगों को गर्मी से राहत मिली थी. अब एक बार फिर से गर्मी बढ़ने लगी है. कुछ जिलों को छोड़कर बाकी आधे से ज्यादा हरियाणा में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है. सबसे कम वर्षा कैथल में 98.2 एमएम और सबसे अधिक यमुनानगर में 470 एमएम दर्ज की गई है.
13 जिलों में येलो अलर्ट
आज 29 जुलाई को मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ द्वारा पूरे हरियाणा में बरसात की संभावना जताई गई है. साथ ही, 13 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. इनमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, महेंद्रगढ़ और पलवल शामिल हैं. इन जिलों में गरज- चमक और तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने दी जानकारी
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी दी कि मंगलवार को हरियाणा में अच्छी खासी वर्षा हो सकती है. इसके अलावा, आने वाले कुछ दिनों में हल्की वर्षा की संभावना भी बनी हुई है.
30 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में मध्यम वर्षा की संभावना है. सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक में हल्की वर्षा हो सकती है.
