चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला- बदला नजर आ रहा है. एक तरफ जहां सूरज की तपिश दिन के तापमान को सामान्य से ऊपर ले जा रही है, दूसरी तरफ एक के बाद एक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ बार- बार मौसम को बदल रहे है. मौसम विभाग ने राज्य के करीब 15 जिलों में बारिश, गरज- चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, अंबाला, यमुनानगर समेत उत्तरी व पश्चिमी हरियाणा के कई जिले शामिल है. कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने के आसार है.
हरियाणा मौसम अपडेट
वर्तमान में हवाओं के पैटर्न में बदलाव साफ नजर आ रहा है. दक्षिणी- पश्चिमी शुष्क और आर्द्रता हवाओं के साथ- साथ आसमान साफ होने से सूरज की चमचमाती धूप तपिश पैदा कर रही है. इसी तपिश के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी साफ देखी जा रही है.
मार्च के अंत तक ओलावृष्टि के आसार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, मार्च के अंत तक मौसम में यह बदलाव जारी रहेगा. रात को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर 26 और 27 मार्च को देखने को मिलेगा. इसके कारण हरियाणा के लगभग 25 से 30 % हिस्सों, विशेषकर पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की प्रबल संभावना है.
एक ओर पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च को सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 29 से 31 मार्च के दौरान हरियाणा और एनसीआर में मौसम में फिर परिवर्तन आएगा. इस दौरान न केवल तेज गति की हवाएं चलेगी, बल्कि बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी है.
