यमुनानगर | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी कल यमुनानगर दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने जिले के लिए कई बड़ी घोषणाएं की. सबसे पहले मुख्यमंत्री ने साढ़ौरा में श्री गुरु तेग बहादुर सिंह के शहीदी दिवस पर निकल रहे नगर कीर्तन का स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की पहाड़ियों से सटे कलेसर वन उद्यान में श्री गुरु तेग बहादुर के नाम पर जगल सफारी के नए द्वार का उद्घाटन किया.
इस कार्यक्रम के दौरान सीएम नायब सैनी ने गांव किशनपुरा में 45 एकड़ जमीन पर श्री गुरु तेग बहादुर कृषि महाविद्यालय और यमुनानगर से कपालमोचन के लिए व्यासपुर बाईपास निर्माण की घोषणा की.
इन संस्थानों के नाम में बदलाव
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का नाम देश के लिए बलिदान देने वाले बलिदानियों में सबसे पहले आता है. उन्होंने बताया कि अंबाला सिटी के पॉलिटेक्निक कॉलेज का नामकरण श्री गुरु तेग बहादुर के नाम पर किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कुरूक्षेत्र से लोहागढ़ सड़क मार्ग का नाम बाबा बंदा सिंह बहादुर और पंचकूला से पोंटा साहिब सड़क मार्ग का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखा गया है.
किशनपुरा में प्रस्तावित महाविद्यालय
यमुनानगर जिले के गांव किशनपुरा में 45 एकड़ जमीन पर कृषि महाविद्यालय बनना प्रस्तावित है. इसके बारे में सीएम नायब सैनी ने घोषणा कर दी है कि उसका नामकरण श्री गुरु तेग बहादुर के नाम पर रखा जाएगा. वहीं, व्यासपुर में मौजूद ऐतिहासिक श्री कपालमोचन तीर्थ का रास्ता सुगम बनाने के लिए यमुनानगर से कपालमोचन के बीच व्यासपुर बाईपास बनाने का भी उन्होंने ऐलान कर दिया है.
