यमुनानगर | जंगल सफारी का लुत्फ उठाने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि मानसून सीजन के चलते 3 महीने तक बंद रहने वाले यमुनानगर के कलेसर नेशनल पार्क को पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया है. यहां 1- 7 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए यमुनानगर वाइल्ड लाइफ में एंट्री फ्री रहेगी.
इन जानवरों को देखने का मिलेगा मौका
वन विभाग की ओर से कलेसर नेशनल पार्क में जंगल सफारी के लिए 14 किलोमीटर लंबे चकाचक रास्ते की व्यवस्था की गई है. वहीं, जंगल सफारी के लिए 4 प्राइवेट गाड़ियों का इंतजाम किया गया है. इसके लिए पैसे खर्च करने होंगे. पर्यटक कलेसर जंगल सफारी के नजारों को करीब 2 घंटे तक अपने कैमरों में कैद कर सकेंगे. जंगल सफारी का समय सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा.
जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को चीता, बाघ, हाथी, सांभर और खरगोश जैसे जानवर देखने को मिलेंगे. इनके साथ ही, अजगर और कोबरा के भी दर्शन होंगे. जंगल सफारी में अभी एक चीता, 46 तेंदुए और 15 हाथी मौजूद हैं.
वन्य प्राणी विभाग ने दी जानकारी
एक अधिकारी ने बताया कि यमुनानगर कलेसर नेशनल पार्क यूपी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से सटा हुआ है. इसके आसपास हथिनीकुंड बैराज, प्राचीन मठ और कई ऐतिहासिक मंदिर भी है. ऐसे में इन जगहों पर आने वाले पर्यटक कलेसर जंगल सफारी का लुत्फ उठाने भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों के लिए विभाग की प्राइवेट गाड़ी का इस्तेमाल किया जाता है. पर्यटकों को प्राइवेट गाड़ी या पैदल घूमने की परमिशन नहीं दी जाएगी.
