हरियाणा रोडवेज में फिर शुरू होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग, यात्रियों को होंगे ये फायदे

चंडीगढ़ | रेलवे की तर्ज पर हरियाणा रोडवेज की बसों में भी आनलाइन सीट बुक करने की कवायद शुरू कर दी गई है. यह सुविधा इंटर स्टेट और लंबे रूटों पर उपलब्ध कराई जाएगी. इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को सीट नंबर लेने के लिए लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी और साथ ही समय की बचत होने के अलावा परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी. इस संबंध में मुख्यालय ने प्रदेश के सभी डिपो को पत्र भेजकर लंबे और इंटर स्टेट रूटों की जानकारी मांगी है.

Haryana Roadways

पूरी समीक्षा के साथ होगी लागू

बता दें कि ऑनलाइन सीट बुकिंग की सुविधा चंडीगढ़, दिल्ली, हिसार और रोहतक डिपो में पहले भी शुरू की गई थी लेकिन योजनाबद्ध तरीके से लागू नहीं किए जाने और इस योजना की जानकारी बेहद कम लोगों के पास होने के चलते यह खास सफल नहीं हो पाई. अब परिवहन विभाग ने इसकी समीक्षा करके इसे नए तरीके से पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू करने का फैसला लिया है.

लंबी लाइन में होती है परेशानी

बता दें कि अल सुबह रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़, नारनौल, झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार इत्यादि डिपो से चंडीगढ़ के लिए बस रवाना होती है. ऐसे में इन बसों में सीट हासिल करने के लिए यात्रियों को बस स्टैंड पर निर्धारित समय से एक घंटा पहले पहुंच कर लाइन में खड़ा होना पड़ता है. अगर लेट पहुंचते हैं तो सीट नहीं मिलती है और करीब 6- 7 घंटे का सफर खड़े होकर तय करना पड़ता है. अब घर बैठे सीट बुक हो जाएगी तो इस परेशानी से यात्रियों को निजात मिलेगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के किसानों की बढ़ी चिंता, मानसून कमजोर; कई जिलों में सूखे जैसे हालात

परिचालकों को भी फायदा

इस सुविधा के शुरू होने का फायदा यात्रियों के साथ ही परिचालकों को भी होगा. आनलाइन टिकट बुकिंग के बाद परिचालकों की कवायद तो कम होगी. साथ ही, खुले पैसों की समस्या समाप्त हो जाएगी. बस में टिकट बनाते समय कंडक्टरों को अक्सर खुले पैसों की समस्या से जूझना पड़ता है लेकिन इस नई सुविधा से सभी को फायदा पहुंचेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.