पंचकूला | हरियाणा में इस वक्त बारिश की वजह से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं. कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने जहां अपने पेपर रद्द कर दिए हैं तो वहीं, अब पंचकूला की डीसी प्रियंका सोनी ने बड़ा फैसला लिया है. पंचकूला की डीसी ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि बुधवार तक स्कूलों में पढ़ाई नहीं होगी यानी कि अवकाश रहेगा. यह फैसला बरसात के हाई अलर्ट को देखते हुए लिया गया है.
रेड अलर्ट के कारण लिया फैसला
बता दें कि हरियाणा के कई जिलों में बरसात के हाई अलर्ट को देखते हुए फिलहाल स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. दरअसल, इस वक्त बरसात की वजह से कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. रेड अलर्ट तब जारी किया जाता है जब बाढ़ जैसे हालात पैदा होने वाले होते हैं. यही कारण है कि अब जिलाधिकारियों द्वारा स्कूलों को लेकर फैसला लिया जा रहा है. हालांकि, सभी जिलों में स्कूल बंद नहीं है. जहां पर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है वहीं पर स्कूल बंद रखे जा रहे हैं.
कामकाज बुरी तरह से हुआ प्रभावित
आने वाले दिनों में फिलहाल बरसात इसी तरह से अपना प्रकोप दिखाएगी. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून पूर्ण रूप से हरियाणा को कवर कर चुका है. अधिकतर जिलों में बीच में रुक- रुक कर तो कहीं तेज बरसात देखने को मिलेगी. बरसात की वजह से एक तरफ जहां कामकाज प्रभावित हो रहा है तो वही दूसरी तरफ, जनजीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है. कारोबार को भी काफी नुकसान हुआ है. लोग घरों में रहने को मजबूर हैं.
