नूंह हिंसा को लेकर हुई महापंचायत, पुलिस की शर्तें तोड़ी; आगे की बनाई ये रणनीति

पलवल | 31 जुलाई को हरियाणा के नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद आज नूंह- पलवल सीमा पर पलवल जिले के पोंडरी गांव में सर्व हिंदू समाज की महापंचायत हुई. पंचायत आयोजित करने की इजाजत इस शर्त पर दी गई थी कि इसमें कोई नफरत भरा भाषण नहीं दिया जाएगा लेकिन, ऐसा नहीं हो सका. महापंचायत के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए धमकी दी. 20 अगस्त को जंतर मंतर पर महापंचायत होगी.

kisan aandolan

पंचायत में कही ये बात

पंचायत में एक वक्ता ने कहा- उंगली उठाओगे तो हाथ काट देंगे. महापंचायत के आयोजकों का दावा है कि वक्ताओं को नफरत भरे भाषण न देने की चेतावनी दी गई थी लेकिन कुछ लोगों ने इसे नहीं सुना. आपको बता दें कि महापंचायत में हिंसा पीड़ितों को न्याय दिलाने और 28 अगस्त को फिर से जलाभिषेक यात्रा शुरू करने को लेकर चर्चा हुई. महापंचायत को देखते हुए बड़ी संख्या में हरियाणा पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया था.

एसपी की थी ये शर्त

पलवल एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि हमने कई शर्तों के साथ अनुमति दी है. कोई भी नफरत भरा भाषण नहीं देगा. अगर अभद्र भाषा दी गई तो हम तुरंत केस दर्ज करेंगे. कोई भी हथियार या लाठी या ज्वलनशील पदार्थ नहीं लाएंगे. 500 लोगों की इजाजत है और दोपहर 2 बजे तक का वक्त दिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम हैं.

ये है पूरा मामला

नूंह के हालात को देखते हुए पुलिस ने महापंचायत की इजाजत नहीं दी है. 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा पर भीड़ के हमले के बाद मुस्लिम बहुल नूंह में हुई झड़प में दो होम गार्ड और एक इमाम समेत छह लोग मारे गए थे. दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी हिंसा की छिटपुट घटनाएं देखने को मिलीं.

हरियाणा सरकार ने शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था में गिरावट को रोकने के लिए शुक्रवार शाम को नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं का निलंबन 13 अगस्त रात 11.59 बजे तक बढ़ा दिया. पहले शुक्रवार रात 11.59 बजे तक नूंह जिले में इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं पर रोक लगा दी गई.

393 लोगों को किया गिरफ्तार

इस महीने की शुरुआत में हरियाणा में हुई सांप्रदायिक हिंसा के सिलसिले में कुल 393 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 118 अन्य को हिरासत में लिया गया है. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि हरियाणा के नूंह, गुरुग्राम, फ़रीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी, पानीपत, भिवानी और हिसार में 160 एफआईआर दर्ज की गई हैं.

नूंह के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया ने कहा कि ब्रज मंडल हिंसा मामले में जिले में 59 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 218 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. हिंदू समूहों के आह्वान के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार को लोगों से बिना अनुमति के कोई जुलूस या रैली नहीं निकालने की अपील की.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.