Chandrayaan 3: चंद्रमा के करीब पहुंचा चंद्रयान 3, अब इस चरण की हुई शुरूआत

नई दिल्ली | ISRO ने आज यानी 14 अगस्त को तीसरी बार चंद्रयान 3 की कक्षा कम की है. अब चंद्रयान 150 किलोमीटर x 177 किलोमीटर की कक्षा में आ गया है. यानी चंद्रयान 3 चंद्रमा की ऐसी कक्षा में घूम रहा है, जिसमें चंद्रमा से इसकी न्यूनतम दूरी 150 किमी और अधिकतम दूरी 177 किमी है. कक्षा को नीचे करने के लिए यान के इंजनों को कुछ देर के लिए चालू किया गया.

Chandrayaan 3

ऑर्बिट सर्कुलराइजेशन चरण हुआ शुरू

अब चंद्रयान का ऑर्बिट सर्कुलराइजेशन चरण शुरू हो गया है. यानी चंद्रयान दीर्घवृत्ताकार कक्षा से गोलाकार कक्षा में आना शुरू हो गया है. इसरो अब अगला ऑपरेशन 16 अगस्त को सुबह 08:30 बजे करेगा. इसमें इसरो के बेंगलुरु स्थित मुख्यालय के वैज्ञानिक चंद्रयान के थ्रस्टर्स को फायर करेंगे.

17 अगस्त चंद्रयान के लिए बेहद अहम दिन है. इसरो चंद्रयान 3 के प्रोपल्शन मॉड्यूल को लैंडर से अलग करेगा. फिर 23 अगस्त को शाम करीब 05:30 बजे लैंडर चंद्रमा की सतह पर उतरेगा. इससे पहले 9 अगस्त को चंद्रयान की कक्षा कम कर दी गई थी. जिसके बाद, यह 174 किलोमीटर x 1437 किलोमीटर की कक्षा में आ गया था.

5 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा यान

5 अगस्त को यान शाम करीब 7:15 बजे चंद्रमा की कक्षा में पहुंच गया है. फिर यान को चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण में कैद किया जा सका, जिससे उसकी गति कम हो गई. गति कम करने के लिए इसरो वैज्ञानिकों ने यान का मुंह घुमाया और 1835 सेकेंड यानी करीब आधे घंटे तक थ्रस्टर्स चलाए. ये फायरिंग शाम 7 बजकर 12 मिनट पर शुरू की गई.

चंद्रयान ने चंद्रमा की तस्वीरें खींची

जब चंद्रयान ने पहली बार चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश किया तो उसकी कक्षा 164 किमी x 18,074 किमी थी. कक्षा में प्रवेश करते समय इसके ऑनबोर्ड कैमरों ने चंद्रमा की तस्वीरें भी कैद कीं. इसरो ने इसका वीडियो बनाकर अपनी वेबसाइट पर शेयर किया है.

यह भी पढ़े -  BOB Jobs: बैंक ऑफ बड़ोदा में निकली क्लर्क के पदों पर भर्ती, इस प्रकार होगा सिलेक्शन

मिशन के बारे में जानकारी देते हुए इसरो ने एक्स पोस्ट में चंद्रयान द्वारा भेजे गए संदेश में लिखा था मैं चंद्रयान 3 हूं… मुझे चंद्रमा का गुरुत्वाकर्षण महसूस हो रहा है. इसरो ने यह भी जानकारी दी थी कि चंद्रयान 3 चंद्रमा की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित हो गया है. 23 अगस्त को लैंडिंग से पहले कक्षा कम करनी होगी. रविवार को इसने एक बार कक्षा कम कर दी है.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.