हरियाणा में कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थी अब टैब पर देंगे परीक्षा, 10 नवंबर से लागू होगी व्यवस्था

चंडीगढ़ | हरियाणा में नई शिक्षा नीति के तहत, लगातार बदलाव किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में मौलिक शिक्षा विभाग की ओर से नई व्यवस्था लागू की गई है. अब राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र टैब पर परीक्षा देंगे. यह नई व्यवस्था कक्षा 1 से कक्षा 3 तक के स्कूलों में लागू की जाएगी. इससे पहले बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को ही टैब मिलते थे.

Haryana Tablet Yojana Student

10 नवंबर से स्कूलों में लागू होगी व्यवस्था

अभी तक स्कूलों में टैब पर मासिक टेस्ट ही लिया जाता था. अब बच्चों को एक ही टैब पर वार्षिक और अर्धवार्षिक परीक्षा देनी होगी. शिक्षा विभाग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, यह नई व्यवस्था 10 नवंबर से स्कूलों में लागू हो जाएगी. दूसरी तरफ अभी तक छोटे बच्चों के पास टैब नहीं है. हरियाणा में अभी कक्षा 9 से 12 तक के बच्चों को टैब दिए गए हैं. नए फैसले पर सरकार क्या करने जा रही है, इस पर जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी.

शिक्षक छात्रों की करेंगे मदद

हरियाणा शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में लिखा है कि इस नई व्यवस्था में शिक्षकों की भी अहम भूमिका रही है. परीक्षा के दौरान शिक्षक छात्रों की मदद करेंगे. शिक्षा विभाग टैब पर ही ऑनलाइन पेपर भेजेगा, जिसे छात्र हल करेंगे. इसके बाद, परीक्षा का रिजल्ट भी ऑनलाइन जारी किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  न्यू चंडीगढ़ टेस्ट मैच, उमड़ा क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब; शुभमन गिल का विकेट बना चर्चा का विषय

टैब के विरोध में दिखी थी पंचायतें

मौजूदा समय में हरियाणा सरकार ने कक्षा 9 से 12वीं तक के करीब 8 लाख बच्चों को टैबलेट दिए हैं, ताकि वे सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के दौरान टेक्नोलॉजी की दौड़ में पीछे न रह जाएं. हाल ही में, हरियाणा में छात्रों द्वारा टैब के गलत इस्तेमाल के मामले सामने आ रहे हैं. इसे लेकर प्रदेश की पंचायतों और अभिभावकों ने शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर से टैब वापस लेने की मांग भी की है लेकिन सरकार ने अभी तक इस मामले में कोई निर्णय नहीं लिया है.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.