हरियाणा में लेन ड्राइविंग का पालन न करने पर दर्ज होगा केस, डीजीपी ने दिए यह निर्देश

चंडीगढ़ | हरियाणा में लेन ड्राइविंग का उल्लंघन करने वाले ट्रकों, बसों और अन्य वाणिज्यिक वाहनों के चालकों के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज की जाएगी. पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ट्रांसपोर्ट यूनियनों से संपर्क करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि ड्राइवर लेन ड्राइविंग का पालन करें.

DGP IPS Shatrujit Kapur

महानिदेशक ने पुलिस थानों में स्थापित फीडबैक सेल की समीक्षा करते हुए कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फीडबैक सेल की मॉनिटरिंग करें. यदि कोई शिकायतकर्ता पुलिस कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त करता है तो उससे उसकी असंतुष्टि का कारण जरूर पूछें. यदि शिकायतकर्ता फोन नहीं उठाता है तो उसे मैसेज भेजकर संपर्क करें.

नशा मुक्त गांव की पहल शुरू

पुलिस महानिदेशक ने बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से महिला सुरक्षा, ग्राम प्रहरी, नशामुक्ति और फीडबैक सेल पर ग्राउंड रिपोर्ट ली. डीजीपी ने कहा कि राज्य को नशामुक्त बनाना हमारी प्राथमिकताओं में से एक है. इसी कड़ी में नशा मुक्त गांव की ऐतिहासिक पहल शुरू की गई है.

महिलाएं संभाल रही नशा मुक्ति की कमान

फतेहाबाद जिले के 10 गांवों में महिलाओं का एक समूह बनाया गया है, जो देर रात गांवों में घूमती हैं और नशा करने वाले लोगों पर नजर रखती हैं. इन गांवों में नशा मुक्ति की कमान महिलाएं संभाल रही हैं. महिलाएं जानकारी जुटाकर पुलिस को देती हैं ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके. इन 10 गांवों में मताना, कुम्हारिया, भोड़ा होशनाक, ढाणी थोबा, ढाणी चानन, खान मोहम्मद, बनवाली सोत्तर, सिरधान, गिल्लाखेड़ा और बनावाली शामिल हैं.

यह भी पढ़े -  HTET 2025 परीक्षा केंद्रों को लेकर बड़ा अपडेट, 3 दिन में भेजनी होगी भवनों की सहमति

महिलाओं की सुरक्षा कड़ी करने के दिए निर्देश

ग्राम प्रहरी योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए डीजीपी ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर ग्राम प्रहरी छेड़छाड़ वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर फोकस करते हुए काम करें. ग्राम प्रहरियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं से छेड़छाड़ के संबंध में फीडबैक लेकर आवश्यक कदम उठाने चाहिए.

युवा पढ़ाई और खेल में जाना चाहते हैं आगे

इन गांवों के युवाओं ने खुद को पढ़ाई और खेल से जोड़कर नशे को अलविदा कहने का संकल्प लिया है और बड़े- बुजुर्गों ने खुद को काम और खेती के लिए प्रतिबद्ध किया है, जो अन्य गांवों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. डीजीपी ने इस पहल की सराहना करते हुए अन्य जिलों को भी इस दिशा में सार्थक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.