फरीदाबाद । दिल्ली से सटे फरीदाबाद के गांव भैंसरावली में पोस्ट ऑफिस में कार्यरत कर्मचारी लोगों के करीब डेढ़ करोड़ रुपए लेकर गायब हो गया. ज़ब एक ग्रामीण पासबुक लेकर पोस्ट ऑफिस पहुंचा, तो पता चला कि उन्होंने जो रकम जमा कराई थी, उसकी एंट्री उनकी पासबुक में तो है. मगर पोस्ट ऑफिस के किसी भी रिकॉर्ड में नहीं है.
डेढ़ करोड़ रुपए की रकम लेकर पोस्ट ऑफिस कर्मचारी हुआ गायब
ऐसा देखकर आदमी के पैरों की नीचे की जमीन खिसक गई. जब आदमी ने इसके बारे में अन्य लोगों को बताया तो वे सभी भी अपनी पासबुक लेकर पोस्ट ऑफिस पहुंचे. उनके साथ भी यही समस्या थी. सभी ने पलवल निवासी रवि नाम के एक कर्मचारी के हाथों अपने रुपए पोस्ट ऑफिस में जमा करवाए थे. सभी ग्रामीण इसकी शिकायत लेकर पोस्ट मास्टर के पास पहुंचे, तो उन्होंने बताया कि रवि उनके यहां अस्थाई कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहा था. पिछले तीन-चार दिनों से वह पोस्ट ऑफिस भी नहीं आ रहा. 100 से अधिक ग्रामीणों को अपनी मेहनत की कमाई डूबने का खतरा लगने लगा. शनिवार को सभी ग्रामीण इकट्ठा तिगांव स्थित मुख्य पोस्ट ऑफिस में पहुंचे और उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज करवाई. गांव भेसरावली निवासी वैष्णवी ने बताया कि आरोपित डेढ़ करोड़ से अधिक रुपए लेकर गायब हो गया.
गांव वालों को डर, पुलिस में की शिकायत
वही पोस्ट मास्टर जगदीश चंद्र का कहना है कि वह अपने सत्र पर मामले की जांच कर रहे हैं. उन्होंने रवि के बारे में जानकारी जुटाने शुरू कर दी है. ग्रामीणों से रकम लेकर उसने रूपयों का कहां उपयोग किया. इस संबंध में पुलिस में भी उनकी शिकायत दर्ज करवाई गई. बता दें कि पोस्ट ऑफिस में बैंक की तरह बचत खाता खुलवाया जाता है. फिलहाल सभी लोगों को यही डर सता रहा है कि आखिर उनका पैसा वापस मिलेगा या नहीं.
